गौकशी की घटना में दो और अभियुक्त गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
बिजनौर (चिंगारी)।
हीमपुर दीपा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गौकशी की घटना में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। थाना पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार मुखबिर की सूचना पर ग्राम पीपली जट के जंगल में स्याऊ-छाछरी रोड पर चैकिंग के दौरान दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आते हुए दिखाई दिये।
पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गये। अभियुक्तों ने अपने नाम शाहिद पुत्र मुस्तफा और फुरकान पुत्र हसन निवासीगण ग्राम राजोपुर बहमद थाना चांदपुर बताये।
इनमें शाहिद चांदपुर का हिस्ट्रीशीटर है। दोनों ने ग्राम अकबरपुर तिगरी के जंगल में 7 मई को हुई गौकशी की घटना में अपना हाथ होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार शाहिद व फुरकान के पास से दो तमंचे, एक खोखा कारतूस, एक मिस कारतूस, मोटरसाइकिल तथा पशु वध के उपकरण बरामद हुये हैं।
इस घटना में शामिल 3 अभियुक्तों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जिनमें से एक बाबू कुरैशी मुठभेड़ में पकड़ा गया था, जिसके पैर में गोली लगी थी।








