बर्थडे पार्टी बनी मौत का सबब युवक को बुलाकर मारी गोली, शिवाला कलां क्षेत्र में सनसनी, दोस्तों के सामने लोकेश की हत्या, चार युवक नामजद

नूरपुर (चिंगारी)। जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने आया युवक देर रात खूनी साजिश का शिकार हो गया। शिवाला कलां थाना क्षेत्र में पार्टी के बाद घर बुलाकर 23 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार अमरोहा जनपद के गांव अल्हैदापुर निवासी लोकेश कुमार गुरुवार रात शिवाला कलां में विशाल की बर्थडे पार्टी में शामिल होने आया था।

आरोप है कि पार्टी खत्म होने के बाद सिंटू उर्फ सचिन ने फोन कर लोकेश को अपने घर बुलाया।लोकेश अपने दोस्तों विशाल, लक्की और उज्ज्वल के साथ बाइक से वहां पहुंचा, जहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उस पर हमला बोल दिया। इसी दौरान लोकेश को गोली मार दी गई।

गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दोस्तों के सामने हुई इस सनसनीखेज हत्या से गांव में अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने सिंटू उर्फ विपिन, विशाल उर्फ बिट्टू, प्रियांशु चौहान और सिद्धार्थ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार ने बताया कि मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।