धामपुर में खाकी पर दाग! महिला से छेड़ छाड के आरोप में दरोगा की बेरहमी से पिटाईधार्मिक स्थल बना विवाद का केंद्र…

गंभीर रुप से घायल दरोगा हायर सेंटर रेफर महिला के आरोपों व दरोगा की तहरीर पर अलग-अलग जांच शुरू

धामपुर (चिंगारी) स्थानीय मोहल्ला क्षत्रिय नगर स्थित एक धार्मिक स्थल उस वक्त सनसनी का केंद्र बन गया, जब वहां रहने वाले कस्बा इंचार्ज दरोगा पर एक महिला ने अश्लील छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगा दिए। आरोपों के बाद मामला इतना बढ़ा कि महिला के परिजनों और दरोगा के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिसमें खाकी पहनने वाला ही बुरी तरह घायल हो गया।जानकारी के मुताबिक, दरोगा ब्रह्मपाल गिरी पिछले आठ महीनों से बाबा पणब दास समाधि स्थल परिसर में रह रहे थे। उसी परिसर में एक परिवार भी रहता है, जिसने खेती का ठेका ले रखा है।

आरोप है कि देर रात ड्यूटी से लौटे दरोगा ने मौके का फायदा उठाकर महिला को अकेला पाकर पीछे से पकड़ लिया और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। महिला के विरोध पर मामला हाथापाई तक पहुंच गया, जिसमें उसके कपड़े तक फट गए।महिला की चीख-पुकार ने माहौल गरमा दिया। मौके पर पहुंचे पति उमेश और भाई राहुल ने दरोगा का सामना किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर भिड़ंत हुई। इस दौरान दरोगा का सिर दीवार से टकराने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दरोगा को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

वहीं, पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर उमेश और राहुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि महिला के लगाए गए छेड़छाड़ के आरोपों की भी जांच शुरू कर दी गई है।अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अमित किशोर श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और दोनों पक्षों के आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है।घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। खाकी से जुड़ा मामला होने के कारण पूरे प्रकरण को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है, और हर नजर अब जांच के नतीजों पर टिकी है।