मांगों को लेकर विश्वकर्मा ब्रिगेड ने कलेक्ट्रेट में दिया धरना
निशा हत्याकांड और पूर्व मंत्री पर हमले के विरोध में प्रदर्शन, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
बिजनौर (चिंगारी)। विश्वकर्मा ब्रिगेड से जुड़े लोगों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गाजीपुर जनपद में हुई निशा विश्वकर्मा हत्याकांड और पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा पर हुए हमले को लेकर आक्रोश जताया।
धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि गाजीपुर के थाना करंडा क्षेत्र के ग्राम कटेरिया में नाबालिग निशा विश्वकर्मा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर उसका शव को गंगा में फेंक दिया गया था, जिससे पूरे समाज में रोष है। इसके अलावा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा पर कथित तौर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा पथराव किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की और मौके पर मौजूद रहते हुए भी मूकदर्शक बना रहा। इसी के विरोध में विश्वकर्मा ब्रिगेड के पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना दिया।
धरनारत लोगों ने मांग की कि निशा विश्वकर्मा के हत्यारों को फांसी की सजा दी जाए, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही पूर्व मंत्री पर हुए हमले के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष सिंह आशु पर कार्रवाई और संबंधित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को बर्खास्त करने की भी मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।धरने में विश्वकर्मा बिर्गेड के प्रदेशाध्यक्ष आशुतोष विश्वकर्मा,गौरव धीमान,राजीव धीमान,सुरेंद्र धीमान,राजेश धीमान,विमल धीमान,महेश धीमान,प्रमोद धीमान,डा.राजेंद्र शर्मा,अशोक कुमार,दीपक शर्मा,मीनू शर्मा,सुनील कुमार,श्री प्रकाश,अनुज धीमान शास्त्री,खगेश कुमार व अख़लाक़ पप्पू आदि शामिल रहे।







