इसहाक़ हत्या कांड : सदमे से बेहाल परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप सगे चाचा की हत्या कर कांस्टेबिल ने थाने पहुंच कर कर दिया था सरेंडर

बिजनौर (चिंगारी)। ग्राम दीदा नंगला में जमीनी विवाद को लेकर आबकारी विभाग के कांस्टेबिल शाने रज़ा ने अपने सगे चाचा इस्हाक़ की गुरुवार को गोली मार कर हत्या कर दी थी।सदमे से बेहाल मृतक के परिजनों ने आज एसपी से मिल कर तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतक के पुत्र शानू के अनुसार, गांव निवासी मुल्जिमान शाने रजा, जावेद और शाकिर से उनके परिवार का जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते 23 अप्रैल 2026 को शाम करीब चार बजे जब मृतक इस्हाक अपने खेत पर पत्नी रजमाना और बेटी सीमा के साथ मौजूद थे, तभी आरोपी वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।परिजनों का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने इस्हाक पर गोली चला दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत बिजनौर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के समय मृतक की पत्नी और बेटी मौके पर मौजूद थीं और उन्होंने पूरी घटना को आंखों से देखा।पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी, लेकिन प्रारंभ में सही तरीके से रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। बाद में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों के पास घटना के समय खून लगे कपड़े भी थे।परिवार ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।