बिजनौर:- स्कूली बच्चों ने की फल मंडी की फील्ड ट्रिप
बिजनौर, चिंगारी
धामपुर के दुर्गा पब्लिक स्कूल में कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष शैक्षिक फील्ड ट्रिप का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को स्थानीय सब्जी मंडी और फल मंडी ले जाया गया, ताकि वे दैनिक जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण लाइफ स्किल्स सीख सकें।
इस यात्रा का उद्देश्य बच्चों को वास्तविक वातावरण में खरीद-फरोख्त की प्रक्रिया समझाना था। बच्चों ने वहां विभिन्न प्रकार की सब्जियों और फलों को देखा, उनके नाम पहचाने और शिक्षकों के मार्गदर्शन में खुद कुछ सामान खरीदने का अनुभव भी लिया। इससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें पैसों के सही उपयोग की भी जानकारी मिली।
शिक्षकों ने बच्चों को तौलना, मोल-भाव करना और अच्छी व ताज़ी वस्तु की पहचान करना भी सिखाया। बच्चे इस अनुभव से काफी उत्साहित और खुश नजर आए।
स्कूल प्रशासन का मानना है कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों के समग्र विकास में सहायक होती हैं और उन्हें व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करती हैं।







