बिजनौर:- सडक़ हादसों में 5 युवकों की दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुये दो मजदूर तड़पते रहे पर नहीं मिली मदद
बिजनौर (बि.टा.)। शनिवार की रात को जनपद में तीन अलग-अलग स्थानों पर हुये दर्दनाक सडक़ हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि गुरुद्वारे के सेवादार सहित दो लोग घायल हो गये। किरतपुर में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना हुई। बाइक सवार दो मजदूरों को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों मजदूर काफी देर तक सडक़ किनारे तड़पते रहे, लेकिन समय पर मदद न मिलने के कारण उनकी जान चली गई।
ग्राम झलरा निवासी 25 वर्षीय सलमान पुत्र इरशाद और 35 वर्षीय हारुन पुत्र रियासत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। शनिवार को दोनों किसी काम से किरतपुर क्षेत्र के ग्राम सराय इम्मा गए थे। वापस लौटते समय हनुमान धाम के पास हाईवे पर उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक घायल होकर सडक़ पर गिर पड़े। काफी देर तक वे घायल अवस्था में वहीं तड़पते रहे। शर्म की बात यह रही कि मौके से गुजरने वाले लोगों ने न तो उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया और न ही समय पर पुलिस को सूचना दी। काफी देर बाद किसी तरह दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हृदयविदारक घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक सलमान अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जबकि हारुन के तीन मासूम बच्चों के सिर से भी पिता का साया उठ गया। गांव में हर आंख नम है और हर जुबान पर यही सवाल है कि अगर समय रहते मदद मिल जाती, तो शायद दो जिंदगियां बचाई जा सकती थीं।
बिजनौर-किरतपुर मार्ग पर भी भीषण सडक़ हादसा
शनिवार की रात को करीब 10 बजे बिजनौर-किरतपुर मार्ग पर ग्राम झलरा के पास दो कारों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों कारों में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान हर्ष चौधरी (32 वर्ष), निवासी ग्राम फरीदपुर भोगी व मोहित (30 वर्ष) निवासी ग्राम गुजरपुरा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मोहित की गुरुद्वारा रोड बिजनौर पर महालक्ष्मी नाम से दूध की डेयरी है।
हादसे में गुरुद्वारा नई बस्ती बिजनौर के सेवादार रविंद्र सिंह घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि मृतक मोहित का शनिवार को रिश्ता हुआ था। सेवादार रविंद्र सिंह मोहित के साथ उसके गांव गया था। दोनों गांव से लौट रहे थे।
चांदपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार चांदपुर-फीना रोड पर शनिवार की रात को करीब 8 बजे कार ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार अब्दुल की मौत हो गई, जबकि अब्दुल का साथी रिंकू गंभीर रूप से घायल हो गया।









