संसद में गूंजा बिजनौर में आदमखोर गुलदार का आतंक
सपा सांसद रुचि वीरा ने उठाया मुद्दा
विशेष टास्क फोर्स बनाने व पीड़ित परिवारों को 25 लाख मुआवजे देने की मांग की
बिजनौर ( चिंगारी)। मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की सांसद कुँवरानी रुचि वीरा ने बिजनौर जिले में बढ़ते आदमखोर गुलदार के आतंक का मुद्दा संसद में जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने कहा कि जिले में लगातार हो रहे गुलदार के हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग भय के साए में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
सांसद ने संसद में जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2023 से अब तक बिजनौर में गुलदार के हमलों में 30 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं। हाल ही में बढ़ापुर क्षेत्र के चौहड़वाला गांव की क्रांति देवी की गुलदार के हमले में मौत हो गई। इसके अलावा जमुनावाला गांव में भी एक महिला को गुलदार ने अपना शिकार बनाया।
रुचि वीरा ने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जाए, प्रभावित गांवों में पिंजरे लगाए जाएं और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाई जाए।
सांसद ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता बढ़ाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि गुलदार के हमलों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को कम से कम 25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। सांसद के इस मुद्दे को संसद में उठाने के बाद क्षेत्रीय लोगों को उम्मीद है कि अब इस समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।






