लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस में लगी भीषण आग, सभी 39 यात्री सुरक्षित
रविवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा टल गया जब एक डबल डेकर एसी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। यह घटना काकोरी थाना क्षेत्र के रेवरी टोल प्लाजा से लगभग 500 मीटर पहले सुबह करीब 4:45 बजे हुई।
बस (नं. BR 28 P 6333), जो दिल्ली से गोण्डा जा रही थी, में उस समय 39 यात्री सवार थे। चालक जगत सिंह ने बताया कि बस के पहिये में अज्ञात कारणों से आग लगी, जो कुछ ही क्षणों में पूरे वाहन में फैल गई। कुछ यात्रियों के अनुसार, आग टायर फटने के बाद लगी हो सकती है।
आग लगते ही चालक ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए यात्रियों को तुरंत बस से बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही काकोरी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। जांच में पुष्टि हुई कि कोई भी यात्री बस में फंसा नहीं था और सभी सुरक्षित हैं। बस मालिक से संपर्क कर यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य गोण्डा भेज दिया गया है।
जली हुई बस को एक्सप्रेसवे से हटाकर यातायात को सामान्य कर दिया गया है। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।








