गुजरात के भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 7 लोगों की दर्दनाक मौत…

गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। इस भीषण दुर्घटना में एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ट्रेलर और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना देर रात उस समय हुई, जब एक कार और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद के प्रयास किए और हादसे की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे बचाव एवं राहत दल ने स्थिति को संभालने की कार्रवाई की।

आर्मी जवान के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि जान गंवाने वाले लोग उत्तराखंड के एक आर्मी जवान के परिवार और उनके रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। जवान की तैनाती गुजरात के भुज में है। बताया जा रहा है कि हादसे में जवान के परिवार के सदस्य और अन्य करीबी रिश्तेदार भी शामिल थे।

एक ही परिवार के सात लोगों की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। खास तौर पर तीन मासूम बच्चों की मौत ने इस घटना को और भी दर्दनाक बना दिया है।

Image source :- India Tv , Reporter input