जलालपुर खादर में दलित दंपति की संदिग्ध मौत से सनसनी…
पति का शव आम के पेड़ से लटका मिला, गंगा किनारे अर्धनग्न हालत में मिली पत्नी की लाश, चोटी शहतूत के पेड़ से बंधी थी, खेत में मिले खून के धब्बे
टूटे डंडे और चप्पलें बढ़ा रहीं वारदात की आशंका, हत्या से पहले मारपीट और महिला से दुष्कर्म की भी चर्चा
बिजनौर (चिंगारी)। जलालपुर खादर क्षेत्र के जंगल में सोमवार से लापता दलित दंपति के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह गंगा किनारे महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला, जबकि करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में उसके पति का शव आम के पेड़ से तार के सहारे लटका हुआ पाया गया। महिला की चोटी शहतूत के पेड़ से बंधी मिली। उसके शरीर पर सलवार नहीं थी। उसकी सलवार उसके पति को पहना दी गई थी। घटनास्थल के आसपास मिले खून के धब्बे, टूटे हुए डंडे और दंपति की चप्पलें मामले को और गंभीर बना रही हैं। प्रथम दृष्टया घटना सामान्य आत्महत्या की बजाय संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस हत्या समेत विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
समीपवर्ती गांव सदुपुरा निवासी दलित देशराज उर्फ छोटे (40 वर्ष) पुत्र मुन्नू की जलालपुर खादर क्षेत्र में जमीन है। उसने अपनी जमीन पर पेड़ लगा रखे हैं। इन दिनों पेड़ों के पत्ते झड़ने के कारण देशराज और उसकी पत्नी सुषमा पिछले दो-तीन दिनों से वहां सफाई करने जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब दस बजे दोनों रोज की तरह खेत पर गए थे। इसके बाद देर शाम तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजनों और बच्चों को चिंता हुई। ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्र में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका।
गंगा किनारे मिला पत्नी का शव
मंगलवार सुबह दंपति की तलाश के दौरान कुछ लोगों को जलालपुर खादर क्षेत्र में गंगा किनारे एक महिला का शव पड़ा दिखाई दिया। पहचान होने पर उसकी शिनाख्त सुषमा के रूप में हुई। सुषमा की चोटी शहतूत के पेड़ से बंधी हुई थी और शव अर्धनग्न अवस्था में था। उसके शरीर पर सलवार नहीं थी। परिस्थितियों को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में तरह-तरह की आशंकाएं पैदा हो गईं।
महिला का शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने उसके पति देशराज की तलाश शुरू की। करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में देशराज का शव आम के पेड़ से तार के सहारे लटका मिला। ग्रामीणों के अनुसार, देशराज के शरीर पर उसकी पत्नी की सलवार पहनाई गई थी। शवों की स्थिति और घटनास्थल के हालात ने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है।
खेत में मिले खून के धब्बे और टूटे डंडे
दंपति की तलाश के दौरान जब ग्रामीण उनके खेत पर पहुंचे तो वहां खून के धब्बे, टूटे हुए डंडे और दंपति की चप्पलें पड़ी मिलीं। इन परिस्थितियों से आशंका जताई जा रही है कि दंपति के साथ खेत पर मारपीट की गई होगी और इसके बाद उन्हें अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया होगा। हालांकि घटना की वास्तविक वजह और घटनाक्रम क्या रहा, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सिटी डॉ. केजी सिंह, सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय पुलिस टीम, एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर ग्रामीणों और परिजनों से जानकारी जुटाई। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
हत्या से पहले बर्बरता की आशंका
दंपति के शव जिस परिस्थितियों में मिले हैं, उससे ग्रामीणों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले दंपति के साथ मारपीट की गई और उन्हें प्रताड़ित किया गया। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए यह भी चर्चा है कि महिला के साथ दुष्कर्म किया गया हो सकता है। हालांकि इसकी अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने और उसके पति के शव पर उसकी सलवार होने की बात ने मामले को और गंभीर बना दिया है। ग्रामीणों में यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर दंपति के साथ ऐसी बर्बरता क्यों की गई और वारदात को अंजाम देने वालों ने घटनास्थल पर इतने निशान क्यों छोड़े।
दलित समाज में आक्रोश, जांच पर टिकी निगाहें
दंपति की संदिग्ध मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। दलित समाज के लोगों ने घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि दंपति की मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब पुलिस जांच से ही मिल सकेगा।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह और महिला के साथ किसी तरह की यौन हिंसा हुई या नहीं, इसकी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आएगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। मृतक दम्पति के दो पुत्र और दो पुत्रियां है। चारों अभी छोटी उम्र के हैं।








