उत्तर प्रदेश में सड़कों की मरम्मत पर सीएम योगी का सख्त निर्देश
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) और अन्य संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक में बरसात और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों को तुरंत मोटरेबल बनाया जाए ताकि आमजन को आवागमन में कोई परेशानी न हो।
बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों पर फोकस
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश से प्रभावित नए मार्गों का सर्वेक्षण कराया जाए। जहां सड़कें खराब स्थिति में हैं, वहां अस्थायी मरम्मत कर उन्हें उपयोग योग्य बनाया जाए और बरसात समाप्त होने के बाद स्थायी नवीनीकरण किया जाए।
त्योहारों से पहले मरम्मत कार्य पूरा करने का आदेश
सीएम योगी ने कहा कि आगामी पर्व एवं त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग यात्रा करेंगे। ऐसे में प्रमुख मार्गों पर किसी भी तरह की बाधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों से पहले सभी आवश्यक मरम्मत और नवीनीकरण कार्य पूरे कर लिए जाएं।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, मुख्य बाजारों, सरकारी कार्यालयों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों की सड़कों को प्राथमिकता पर लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन मार्गों पर तुरंत काम शुरू किया जाए और जहां मरम्मत की जरूरत है, वहां बिना देरी किए सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए। साथ ही गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
विभागीय समन्वय पर जोर
सीएम योगी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों से उनकी कार्ययोजना की जानकारी ली। इसके अलावा मंडी परिषद, पंचायती राज, सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास, आवास एवं शहरी नियोजन तथा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें ताकि जनता को राहत मिल सके।










