बिजनौर में बने हुये हैं अनेक ‘लाक्षागृह’

बेसमेंट में चल रहे हैं नर्सिंग होम, कोचिंग सेंटर और रेस्टोरेंट

बिजनौर (चिंगारी)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के अलीगंज में हुये भीषण अग्निकांड को एक बड़ा सबक बताते हुए पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान चलाने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री साफतौर पर कहा कि किसी भी हाल में कोचिंग सेंटर और नर्सिंग होम बेसमेंट में नहीं चलेंगे।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन ने अभियान छेड़ दिया है। बिजनौर में एसडीएम सदर और सीओ सिटी ने भी कल नगर के कई कोचिंग सेंटरों व मॉल में चैकिंग अभियान चलाया। लेकिन प्रशासन की नजर बेसमेंट में चल रहे कोचिंग सेंटर, नर्सिंग होम, रेस्टोरेंट व अन्य प्रतिष्ठानों की ओर नहीं गई, जहां अग्नि सुरक्षा का कोई इंतेजाम नहीं है। इसके साथ ही, तंग गलियों और मोहल्लों में भी कोचिंग सेंटर व अन्य प्रतिष्ठान धडल्ले से चल रहे हैं।

इसके अलावा शहर में दर्जनों ऐसे संस्थान यहां तक कि बैंक भी हैं, जो बेहद संकरे रास्ते पर स्थित हैं, जिनमें आने-जाने के लिये बेहद संकरा जीना है। इन और एग्जिट एक ही हैं।

खुदा न खास्ता कोई दुर्घटना हो जाये तो कितनी जनहानि होगी, कहा नहीं जा सकता। एक तरह से शहर में कदम-कदम पर लाक्षागृह बने हुए हैं, जिनकी ओर प्रशासन का ध्यान नहीं है। यह भी ध्यान देने वाली बात है कि आखिर ये बेसमेंट बने किस आधार पर। व्यापक जांच की आवश्यकता है। अन्यथा बिजनौर में भी किसी भीषण हादसे की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता।