बिजनौर:- जिला अस्पताल की लैब में स्टाफ की कमी से मरीजों को झेलनी पड़ रही दुश्वारियां…

रिपोर्ट में देरी से इलाज प्रभावित, लैब पर हर समय उमड़ती भीड़ से बढ़ रहा तनाव

बिजनौर (चिंगारी)। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब इन दिनों स्टाफ की भारी कमी से जूझ रही है, जिसका सीधा असर मरीजों और उनके तीमारदारों पर पड़ रहा है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि जांच कराने आए लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, जबकि रिपोर्ट मिलने में भी अनावश्यक देरी हो रही है। इससे न केवल मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है, बल्कि उनकी परेशानी भी कई गुना बढ़ गई है।अस्पताल की लैब पर सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लग जाती हैं।

सीमित स्टाफ के चलते जांच प्रक्रिया धीमी पड़ गई है, जिससे हर समय अफरा-तफरी का माहौल बना रहता है। कई बार स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो जाती है कि मरीजों और तीमारदारों का लैब कर्मियों से विवाद तक हो जाता है।तीमारदारों का कहना है कि रिपोर्ट समय पर न मिलने के कारण डॉक्टर भी सही समय पर इलाज शुरू नहीं कर पाते, जिससे मरीजों की हालत और बिगड़ने का खतरा बना रहता है।एक लैब कर्मचारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि कम स्टाफ में अधिक काम का दबाव होने के कारण लैब कर्मचारी पूरी क्षमता से काम करने में असमर्थ हैं। काम के दबाव के कारण कर्मचारी तनाव में रहते हैं। दीसरी ओर रोगी व उनके तीमारदार भी समय पर रिपोर्ट न मिलने पर चिढ़े से रहते हैं,जिससे कई बार झगड़े की नौबत आ जाती है।

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द लैब में अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की जाए, ताकि मरीजों को राहत मिल सके और अस्पताल में बिगड़ती व्यवस्था को सुधारा जा सके। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो किसी दिन बड़ा विवाद भी खड़ा हो सकता है।