बिजनौर जेल की सुरक्षा हुई हाईटेक, हर गतिविधि पर रहेगी पैनी नजर

122 सीसीटीवी व 16 एआई कैमरे 24 घंटे करेंगे निगरानी, कंट्रोल रूम से होगी मॉनिटरिंग

बिजनौर (चिंगारी)।
जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनाने के लिए जेल प्रशासन ने हाईटेक निगरानी प्रणाली लागू की है। अब जेल परिसर के चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों की नजर है। एआई आधारित कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।जेल परिसर में कुल 122 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से मुख्य द्वार, बैरकों, मुलाकात स्थल, जेल परिसर और अन्य संवेदनशील स्थानों की हर गतिविध पर नजर रखी जा रही है।

16 एआई कैमरे करेंगे स्मार्ट मॉनिटरिंग

पारंपरिक कैमरों के अलावा जेल में 16 एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कैमरे भी लगाए गए हैं। ये कैमरे असामान्य या संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर तत्काल अलर्ट देने में सक्षम हैं। इससे सुरक्षा कर्मियों को किसी भी संभावित घटना की जानकारी तुरंत मिल सकेगी और समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी। जेल परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम से 24 घंटे मानेटरिंग की जा रही है। प्रशिक्षित कर्मचारी लगातार कैमरों की फुटेज पर नजर रख रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आते ही तत्काल कार्रवाई की जा सके।
जेल अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया की जिला कारागार परिसर में 122 सीसीटीवी कैमरे व 16 एआई कैमरों से 24 घंटें निगरानी की जा रही है। हाईटेक निगरानी व्यवस्था का उद्देश्य जेल की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाना, बंदियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को शून्य करना है। आधुनिक तकनीक के उपयोग से कारागार की सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सुदृढ़ और प्रभावी हो गई है।