शाहनवाज राणा के ठिकानों पर ईडी की रेड,

‘बोल बम’ का स्टिकर लगी गाड़ियों से पहुंचे अफसर

मुजफ्फरनगर (चिंगारी)। पूर्व बसपा विधायक शाहनवाज राणा से जुड़े 3 ठिकानों पर सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की। ईडी की टीम सुबह करीब 8 बजे 12 गाड़ियों से पहुंची। किसी को शक न हो, इसलिए गाड़ियों पर ‘बोल बम’ के स्टिकर लगा रखे थे। गेट पर 50 पुलिसकर्मियों के अलावा सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं। किसी को परिसर के अंदर जाने या बाहर आने नहीं दिया जा रहा है। परिसरों में अफसर दस्तावेज खंगाल रहे हैं। जिन जगहों पर रेड चल रही है, उनमें मेरठ रोड पर पूर्व विधायक का घर ‘राणा हाउस’, उनके अंडर में कंप्यूटर क्लास और मॉडल टाउन में ‘जम्बूद्वीप एक्सपोर्ट-एक्सपोर्ट’ का ऑफिस शामिल है।

राणा फैमिली के ठिकानों पर ईडी का छापा

आज सुबह ईडी की छापामार कार्रवाई से नगर के उद्योग जगत में हड़कम्प मच गया। इसमें एक बार फिर से पूर्व विधायक शाहनवाज राणा से जुड़ी कंपनी के कथित फर्जीवाड़े पर प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने शिकंजा कस दिया है। मेरठ रोड पर सूजडू चुंगी स्थित कार्यालय से चलाई जा रही कंपनी जम्बूद्वीप एक्सपोर्ट्स एंड इंपोर्ट्स लिमिटेड से जुड़े करीब 20 करोड़ रुपये के कथित फर्जी आईटीसी क्लेम के मामले में ईडी ने छापेमारी की कार्रवाई की है। कार्रवाई के बाद मामले ने राजनीतिक और कारोबारी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।

जनपद मुजफ्फरनगर में फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) और बिना माल की आवाजाही के फर्जी ई-वे बिल तैयार किए जाने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जम्बूद्वीप एक्सपोर्ट्स एंड इंपोर्ट्स लिमिटेड से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है। ईडी की लखनऊ जोनल टीम ने कंपनी से जुड़े परिसरों पर कार्रवाई करते हुए मामले से संबंधित दस्तावेज और अन्य जानकारी जुटाई है। इसमें मेरठ रोड स्थित राणा हाउस पर विधायक शाहनवाज राणा, उनके चाचा रालोद नेता पूर्व विधायक नूरसलीम राणा के आवासों पर भी ईडी पहुंची है और पूरे राणा हाउस को पैरा मिलिट्री फोर्स के जवानों ने अपने कब्जे में ले लिया।

सांसद कादिर राणा का भी आवास है। इसके साथ ही शाहनवाज राणा की कंपनी के कारोबार से जुड़े अन्य कंपनियों के लोगों के आवासों और परिसरों पर भी छापा मारा गया है। जनपद में चार स्थानों पर ईडी की टीम ने एक साथ यह कार्रवाई की।

अधिकारियों के अनुसार, प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट 2002 के तहत मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और फरीदाबाद में कुल नौ ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है। ईडी के लखनऊ जोनल कार्यालय की टीम ने जम्बूद्वीप एक्सपोर्ट्स एंड इंपोर्ट्स लिमिटेड से जुड़े मामले में यह कार्रवाई की है।

अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित इकाई पर बिना माल की वास्तविक आवाजाही के फर्जी चालान और ई-वे बिल तैयार कर फर्जी आईटीसी बनाने और उसे आगे पास करने का आरोप है। अधिकारियों के मुताबिक, जीएसटी अधिकारियों की जांच में 9.63 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) कथित तौर पर गलत तरीके से हासिल करने और 10.28 करोड़ रुपये का आईटीसी आगे पास करने की बात सामने आई है। इसी इनपुट के बाद ईडी ने यह कार्रवाई की है।