प्रबल हत्याकांड के सभी सातों दोषी बरेली सेंट्रल जेल भेजे

उम्रकैद की सजा पाने वाले कैदियों को रखा जाता है सेंट्रल जेल

बिजनौर जेल से अन्य 33 कैदी भी बरेली भेजे गये

बिजनौर (चिंगारी)। 14 वर्ष पुराने बहुचर्चित प्रबल हत्याकांड में उम्रकैद की सजा पाने वाले सभी सातों दोषियों को बिजनौर जेल से बरेली सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। जेल प्रशासन द्वारा सभी कैदियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बरेली के लिए रवाना किया गया। आजीवन कारावास की सजा पाने वाले 33 अन्य कैदियों को भी बरेली भेजा गया।

मालूम हो कि गत 31 जुलाई को 14 वर्ष पूर्व हुए बहुचर्चित प्रबल हत्याकांड में एफटीसी-द्वितीय न्यायाधीश डॉ. शहजाद अली की अदालत ने संजय गुप्ता, विनय अग्रवाल, अपूर्व अग्रवाल, राहुल गुप्ता, आशीष अग्रवाल उर्फ रिषु, निखिल अग्रवाल और अनुज गुप्ता को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।  सभी दोषियों को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया था। तब से सातों दोषी जिला कारागार में बंद थे। रविवार को जेल प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सातों दोषियों सहित 40 कैदियों को सेंट्रल जेल बरेली के लिए स्थानांतरित कर दिया।

जेलर कस्तूरी लाल गुप्ता ने बताया कि उम्रकैद की सजा पाने वाले कैदियों को नियमानुसार सेंट्रल जेल में रखा जाता है। इसी नियम का पालन करते हुए प्रबल हत्याकांड के सातों दोषियों सहित आजीवन कारावास की सजा पाने वाले 40 कैदियों को सेंट्रल जेल बरेली स्थानांतरित किया गया है।