रक्षाबंधन पर योगी सरकार का तोहफ़ा: महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, बाढ़ राहत और शिक्षा पर विशेष निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को एक विशेष उपहार दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में महिला यात्री अपने एक सहयोगी के साथ निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
सुरक्षित और सुगम यात्रा की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सभी महिला यात्री सुरक्षित और सुगम यात्रा के साथ अपने घर पहुंच सकें। इसके लिए परिवहन विभाग, पुलिस और प्रशासन को समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय रहने के आदेश दिए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या असुरक्षा की स्थिति न बने !
बाढ़ प्रभावित जिलों पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 19 बाढ़ प्रभावित जनपदों की स्थिति की समीक्षा की और सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि:
- हर प्रभावित परिवार तक समय से राहत सामग्री पहुंचे।
- पर्याप्त मात्रा में पका हुआ भोजन और सूखा खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।
- राहत सामग्री का व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित हो।
- प्रभारी मंत्री अपने क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करें।
नदी कटान वाले क्षेत्रों पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जहां नदी की धारा आबादी की ओर बढ़ रही हो, वहां समय रहते ड्रेजिंग कराई जाए। बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों से प्रभावित परिवारों को भूमि का पट्टा उपलब्ध कराकर मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने की बात कही गई।
चीनी की उपलब्धता पर समीक्षा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चीनी की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, जो लगभग छह माह की आवश्यकता के अनुरूप है। उन्होंने आमजन को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है।
- जिलाधिकारियों को चीनी की उपलब्धता और मूल्य पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए।
- कालाबाजारी, जमाखोरी और कृत्रिम अभाव पैदा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।
शिक्षा व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री ने विद्यालयों में बच्चों को बेहतर सुविधाएं और अच्छा शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
- मिड-डे मील, शौचालय, कक्षाओं की स्थिति और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थलीय जांच कराई जाए।
- बाल वाटिकाओं का संचालन सुनिश्चित हो।
- पठन-पाठन का वातावरण बेहतर बना रहे।
साथ ही उन्होंने स्कूल-कॉलेजों को लेकर भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।









