सुपारी देकर कराई थी अनिल सोती की हत्या

पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

बिजनौर (चिंगारी)। करोड़पति अनिल कुमार सोती की गला घोंटकर की गई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 82 वर्षीय सोती की हत्या सुपारी देकर कराई गई थी। हत्या का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है।

नगर क्षेत्र में नूरपुर मार्ग स्थित 28 बीघा के बाग में बनाई गई कोठी में अनिल कुमार सोती अकेले रहते थे। 7 अगस्त की सुबह करीब छह बजे उनका शव कोठी के अंदर मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या की जांच शुरू की थी।

मृतक के भांजे आलोक शर्मा निवासी दिल्ली की ओर से सगे अनिल सोती के भतीजे गौरव सोती, शैलेंद्र खत्रा, सुनील खत्रा और नवेद आढ़ती के खिलाफ भूमि विवाद को लेकर साजिश रचकर हत्या कराने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने घटना के खुलासे के लिए कोलकाता तक की खाक छानी। नामजद आरोपियों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और घटना से पहले तथा बाद की बातचीत की जांच की। मोबाइल लोकेशन के जरिए भी संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया गया।

इसके अलावा पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक के करीबियों और नामजद आरोपियों से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार पूछताछ में पुलिस को अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने अनिल सोती की हत्या के मामले में बीना, अंजुम उर्फ निशा, सुभाष और अजीमुद्दीन आदि को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया गया है कि अनिल सोती की हत्या भूमि विवाद में सुपारी देकर कराई गई है।