छात्रा ने पुस्तकालय की छत से छलांग लगाई,गंभीर चोट आई, मानसिक तनाव के कारण किया आत्महत्या का प्रयास
बिजनौर (चिंगारी)। सोमवार को एक छात्रा ने पुस्तकालय की दूसरी मंजिल की छत से छलांग लगा कर आत्महत्या करने का प्रयास किया। छात्रा गंभीर रूप से घायल हुई है। उसका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताया जाता है कि छात्रा पिछले कुछ समय से तनाव में थी। पुस्तकालय संचालक ने छात्र के पैर फिसल कर गिरने की बात कही है।
शास्त्री चौक से जजी जाने वाले रोड पर एक पुस्तकालय है। नगर की एक कालोनी निवासी छात्रा क़रीब ढाई माह उक्त पुस्तकालय में पढ़ाई कर रही है। बताया जाता है कि छात्र प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। वह सुबह को पुस्तकालय आती थी और दोपहर बाद चली जाती थी। सोमवार की सुबह भी वह रोजाना की तरह पुस्तकालय आई और सीधे छत पर चली गई। उसने अपना बैग पुस्तकालय के बाहर छोड़ दिया था। वह पहले छत पर घूमती रही। फिर धीरे-धीरे रेलिंग के पास जाकर खडी हो गई। थोड़ी देर बाद उसने रेलिंग पर अपने दोनों पैर लटकाये और नीचे कूद गई। छात्रा मुंह बल जमीन पर गिरी। उसके दोनों हाथ और एक पैर की हड्डी टूट गई बताते है। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और छात्रा को मंडावर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चर्चा है कि छात्रा तनाव में थी। इस संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी गई। शहर कोतवाल अवनीत मान ने बताया कि ऐसी किसी घटना की सूचना नहीं है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी। दूसरी ओर पुस्तकालय संचालक का कहना है कि पैर फिसलने से छात्रा गिरी है। छात्रा का उपचार चल रहा है। परिजनों ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।








