और अब बिजनौर पुलिस का X अकाउंट भी हैक! , क्रिप्टो पोस्ट से हड़कंप मचा
बिजनौर (चिंगारी)। बिजनौर पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स की सुरक्षा को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। बिजनौर पुलिस का आधिकारिक X अकाउंट @bijnorpolice भी हैक कर लिया गया है। हैकर ने अकाउंट की प्रोफाइल फोटो और नाम बदलकर ether.fi कर दिया। इसके बाद अकाउंट से लगातार क्रिप्टोकरेंसी से जुड़ी पोस्ट की जाने लगीं।
करीब 76 हजार फॉलोअर्स वाले आधिकारिक पुलिस X अकाउंट से कुछ ही घंटों में बड़ी संख्या में ETHFI क्रेडिट, कैश रिवॉर्ड और क्रिप्टो वॉलेट से संबंधित प्रमोशनल पोस्ट की गईं। पुलिस के आधिकारिक अकाउंट से इस तरह की पोस्ट सामने आने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया।
बिजनौर पुलिस ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से X अकाउंट हैक होने की पुष्टि की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि हैक किए गए अकाउंट से की जा रही किसी भी क्रिप्टो संबंधी पोस्ट पर भरोसा न करें और उसमें दिए गए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें। साथ ही किसी भी क्रिप्टो वॉलेट को कनेक्ट न करने की सलाह दी गई है।
फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट भी निशाने पर
मामला केवल X अकाउंट तक सीमित नहीं बताया जा रहा है। बिजनौर पुलिस के आधिकारिक फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक किए जाने की जानकारी सामने आई है। फेसबुक अकाउंट से जुड़े कई लोगों को संदिग्ध संदेश भेजे जाने की बात सामने आई है। संदेश मिलने के बाद संबंधित लोगों ने पुलिस विभाग को इसकी जानकारी दी।
सोशल मीडिया अकाउंट्स के हैक होने की जानकारी सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस की साइबर टीम ने जांच शुरू कर दी है। टीम अकाउंट्स को सुरक्षित करने के साथ ही हैकर का पता लगाने में जुटी है। तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अकाउंट्स को कब और किस तरीके से हैक किया गया।
पुलिस अकाउंट्स से की गई पोस्ट और भेजे गए संदेशों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि बिजनौर पुलिस के सोशल मीडिया अकाउंट से कोई संदिग्ध पोस्ट, मैसेज या लिंक मिलने पर उस पर प्रतिक्रिया न दें।
बिजनौर पुलिस ने लोगों से विशेष रूप से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।








