डीजल भरवाकर फरार हुए कार सवार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस


बिजनौर (चिंगारी)। चांदपुर रोड स्थित जन्नत फिलिंग स्टेशन पर डीजल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार हुए कार सवार युवकों का पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा सकी है।


जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:34 बजे एक कार जन्नत फिलिंग स्टेशन पर आकर रुकी, जिसमें चार युवक सवार थे। युवकों ने कार में 3,500 रुपये का डीजल भरवाया। डीजल भरने के बाद चालक बिना भुगतान किए तेज गति से कार लेकर फरार हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोल पंप स्वामी महफूज़ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर कार और आरोपित युवकों की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस को न तो कार का पता चल सका था और न ही उसमें सवार युवकों की पहचान हो सकी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।