बिजनौर:- किसान मजदूर संगठन ने प्रदर्शन किया, मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन दिया

गन्ना भुगतान, कृषि ऋण माफी, 550 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य और किसान पेंशन समेत कई मांगें उठाईं

बिजनौर (चिंगारी)। किसान मजदूर संगठन (पूरन) के बैनर तले मंगलवार को किसानों, मजदूरों एवं ग्रामीण जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। संगठन से जुड़े किसान नुमाइश ग्राउंड में एकत्र हुए और प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।


ज्ञापन में गन्ना किसानों का बकाया भुगतान तत्काल कराने, भुगतान में देरी करने वाली चीनी मिलों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने, गन्ने का राज्य परामर्शित मूल्य (एसएपी) बढ़ाकर 550 रुपये प्रति क्विंटल करने, किसानों का कृषि ऋण माफ करने, 50 वर्ष की आयु के बाद 5,000 रुपये मासिक किसान पेंशन देने, जैविक खेती के लिए प्रति एकड़ 50 हजार रुपये का अनुदान देने तथा डीएपी-यूरिया की कृत्रिम कमी समाप्त करने की मांग की गई। इसके अलावा नमामि गंगे योजना के तहत नदियों के पुनर्जीवन, खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने, ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, युवाओं को बेरोजगारी भत्ता और गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण गंगा नदी के किनारे कराने की भी मांग उठाई गई।
प्रदर्शन में पुखराज सिंह, नौबहार सिंह, सुशील चौहान, जितेंद्र सिंह, रीता देवी, प्रीति राजपूत, शोभा राजपूत, सुरेश कुमार, रामकुमार सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।