वन महोत्सव के सातवें दिन निकली प्रभात फेरी, अधिक से अधिक पौधे लगाने का दिया संदेश

250 बच्चों ने किया उत्साहपूर्वक प्रतिभाग, 24 बाघ मित्रों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण के लिए पीलीभीत टाइगर रिजर्व रवाना किया

बिजनौर (चिंगारी)। वन महोत्सव-2026 के सातवें दिन मंगलवार को कलक्ट्रेट से इंदिरा पार्क तक प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट, आरजेपी स्कूल, केपीएस, प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन, रूट्स पब्लिक स्कूल, पर्यावरण प्रहरी सहित विभिन्न संस्थानों के लगभग 250 बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियां हाथों में लेकर लोगों को हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।


इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सकेंद्र प्रताप सिंह ने प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अपने संबोधन में उन्होंने अधिक से अधिक पेड़ लगाने, प्रदूषण कम करने तथा प्रत्येक बच्चे से “एक पेड़ मां के नाम” लगाने और उसके पालन-पोषण का संकल्प लेने का आह्वान किया।


कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिले की सभी वन रेंजों से आए 24 बाघ मित्रों के दल को भी पीलीभीत टाइगर रिजर्व में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण के लिए रवाना किया। प्रशिक्षण के दौरान बाघ मित्र गुलदार से बचाव के उपाय सीखेंगे और प्रशिक्षण के बाद जिले के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।


प्रभागीय निदेशक श्री जय सिंह कुशवाहा ने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनका संरक्षण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
प्रभात फेरी में क्षेत्रीय वन अधिकारी महेश गौतम, नीतीश कुमार, रचित चौधरी, हिमानी, मोतीलाल, हेमेंद्र सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।