शराब की लत ने छीना भाई का सहारा, छोटे भाई ने सब्बल से वार कर बड़े भाई को सुलाया मौत की नींद

बेगावाला में रिश्तों का खून, मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

आरोपी फरार, पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटीं

बिजनौर (चिंगारी)। समीपवर्ती ग्राम बेगावाला में दिल दहला देने वाली घटना ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया। मामूली कहासुनी और लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक तनाव ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि छोटे भाई ने अपने सगे बड़े भाई की सब्बल (लोहे की भारी वस्तु) से हमला कर हत्या कर दी। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। परिवार में मातम और चीख-पुकार का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बेगावाला की नई बस्ती निवासी हनीफ के पुत्र सलीम (30 वर्ष) और उसके छोटे भाई नदीम के बीच लंबे समय से घरेलू बातों को लेकर तनाव बना हुआ था। दोनों भाई विवाहित थे। दोनों के दो-दो बच्चे हैं। दोनों परिवार एक ही हवेली में रहते थे। बताया जाता है कि नदीम शराब का आदी है। वह अक्सर नशे की हालत में घर में हंगामा करता था। बड़े भाई सलीम द्वारा उसे समझाने और टोका-टाकी करने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

सोते हुए भाई पर किया जानलेवा हमला

बताया जाता है कि बुधवार देर रात सलीम अपने घर में सो रहा था। रात लगभग 11 बजे आरोपी नदीम ने सोते हुए बड़े भाई पर सब्बल से ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा मोहल्ला गूंज उठा।
गंभीर रूप से घायल सलीम को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन शव को घर ले आए और कानूनी कार्रवाई को लेकर विचार-विमर्श करने लगे।

आधी रात के बाद पुलिस पहुंची

इसी बीच रात करीब एक बजे किसी ने 112 पुलिस को सूचना देदी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी अभय कुमार पाण्डेय तथा कोतवाल अवनीत मान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद आरोपी नदीम मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।

ई-रिक्शा चलाकर पालता था परिवार

मृतक सलीम अपने परिवार का पालन-पोषण ई-रिक्शा चलाकर करता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं, जिनकी उम्र लगभग 6 से 7 वर्ष बताई जा रही है। सलीम की मौत के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
परिजनों के अनुसार सलीम मेहनतकश और जिम्मेदार व्यक्ति था, जबकि आरोपी नदीम कोई स्थायी काम नहीं करता था।वह शराब की लत में डूबा है। गांव के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उसकी आदतों पर अंकुश लगाया जाता तो शायद यह दर्दनाक घटना टल सकती थी।

गांव में शोक, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

एक ही घर में रहने वाले दो भाइयों के बीच हुई इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। जहां कल तक बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां आज मातम पसरा हुआ है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर कोई इस दर्दनाक घटना की चर्चा कर रहा है।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।