फायर स्टेशन के पास ही ‘फायर’ हो गई सुरक्षा व्यवस्थातीसरी बार हुई दुकान में चोरी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
सीढ़ी लगाकर घुसे चोर, बैटरी-इन्वर्टर, DVR और नकदी ले उड़े
पहले भी दो बार इसी दुकान मे हो चुकी है चोरी, लोगों में आक्रोश
बिजनौर। शहर से सटे ग्राम खेड़की में कानून-व्यवस्था की एक बार फिर पोल खुल गई, वो भी ऐसे इलाके में जहां सुरक्षा की उम्मीद सबसे ज्यादा होती है। फायर स्टेशन के पास स्थित फारूकी बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान में चोरों ने तीसरी बार चोरी कर कर पुलिस के रात्री गश्त पर सीधे सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि बख्शीवाला निवासी फैज़ की इस दुकान को चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया। चोर पीछे की ओर से सीढ़ी लगाकर दुकान में घुसे और कार्यालय का शीशा तोड़ डाला। चोरों ने दुकान से चार बैटरियां, इन्वर्टर, सीसीटीवी कैमरों की DVR और कुछ नकदी चोरी करली। चोर अपनी लाई हुई सीढ़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
यह कोई पहली घटना नहीं। इसी दुकान में पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी चोर बेखौफ नजर आए। लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुकान में लगे एक चिप कैमरे को पुलिस अपने साथ ले गई है, जिसकी फुटेज के आधार पर चोरों तक पहुंचने की बात कही जा रही है।
घटना से लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में रात्री गश्त लगभग बंद हो चुकी है, जिसका फायदा उठाकर चोर बेखौफ हो कर वारदातें कर रहे हैं।
लोगों की मांग
रात में नियमित पुलिस गश्त शुरू किया जाए,
चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा हो और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। यदि
समय रहते पुलिस नहीं जागी, तो ऐसे ही चोरों के हौसले बुलंद होते रहेंगे और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस करती रहेगी।






