एचआईवी के साथ संचारी रोगों की दी जानकारी

बिजनौर, चिंगारी

धामपुर में विश्व टीबी दिवस पर शिक्षकों की बैठक में टीबी, एचआईवी व संचारी रोगों के बारे में जानकारी दी गई।

ब्लॉक संसाधन केंद्र, धामपुर में मंगलवार को विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर ब्लॉक के समस्त सरकारी शिक्षकों की एक बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में कक्षा 1 से 8 तक के अध्यापकों को क्षय रोग (टीबी) के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। यह जानकारी धामपुर से आए वरिष्ठ रोग प्रयोगशाला प्रवेशक, धामपुर विकास डाबर द्वारा अध्यापकों को दी गई।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को बताया गया कि टीबी कैसे फैलती है, इसके प्रमुख लक्षण क्या हैं, तथा इसके प्रभावी उपचार और उपलब्ध दवाओं के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि टीबी के मरीजों को पूरी तरह ठीक कैसे किया जा सकता है और इस दिशा में शिक्षकों की क्या महत्वपूर्ण भूमिका है।

बैठक में शिक्षकों को यह भी प्रेरित किया गया कि वे अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों को टीबी के प्रति जागरूक करें और समय पर जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करें।
इसके अतिरिक्त, शिक्षकों को एचआईवी के बारे में भी आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही आगामी संचारी रोग दस्तक अभियान (1 अप्रैल से 30 अप्रैल) के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अभियान के अंतर्गत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने, मच्छरों के प्रजनन को रोकने, पानी का जमाव न होने देने तथा बुखार जैसी बीमारियों से बचाव के उपायों पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में वैक्सीनेशन के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया, जिसमें विशेष रूप से एचपीवी वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी दी गई। यह टीकाकरण 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी बालिकाओं को दिया जाएगा, जिससे भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके।

इस अवसर पर सभी शिक्षकों से अपील की गई कि वे अपने-अपने विद्यालयों एवं समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।