महिलाएं अपने अधिकारों के लिये आवाज उठायें, उत्पीडऩ करने वालों को सबक सिखायेंमिशनशक्ति अभियान के तहत पुलिस ने महिलाओं-छात्राओं को किया जागरूक
बिजनौर (चिंगारी)। मिशन शक्ति फेस-5.0 अभियान के तहत एंटी रोमियो टीम ने वीरा इंजीनियरिंग कालेज बिजनौर में चैकिंग की। टीम में शामिल महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं व छात्राओं को महत्वपूर्ण हैल्पलाइन नम्बरों की जानकारी दी। महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को बताया कि वे कोई भी परेशानी आने पर डरें-सहमें नहीं, बल्कि परेशानी का हिम्मत के साथ मुकाबला करें। जरूरत पड़े तो हैल्पलाइन नम्बरों पर फोन कर पुलिस की मदद हासिल करें। महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को वूमेन पॉवर लाइन, चाईल्ड हैल्प लाइन, आपात कालीन सेवा, स्वास्थ्य सेवा व साइबर हैल्प लाइनों के नम्बर नोट कराये। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं से उनकी समस्याएं भी पूछी। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई। अफजलगढ़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार मौहल्ला बेगमसराय व बस स्टैंड पर भी थाना अफजलगढ़ की महिला उपनिरीक्षक रीनू पवार, महिला आरक्षी दीपा तोमर, हरजीत व अंजू ने आने-जाने वाली महिलाओं को जागरूक किया। उन्हें सभी हैल्प लाइन नम्बरों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को जागरूक करते हुए बताया कि वे घरेलू हिंसा के विरूद्ध आवाज उठायें। महिला पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को उनके अधिकारों के सम्बंध में विस्तृत जानकारी दी। मोबाइल फोन व सोशल मीडिया पर लड़कियों को परेशान करने, अश्लील मैसेज भेजने के सम्बंध में भी विस्तारपूर्वक समझाया। महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को समझाया कि वे अपने साथ हुई किसी भी घटना के बाद लाज-शर्म के मारे चुप न बैठे, बल्कि आवाज उठायें और दोषियों को सजा दिलाने का काम करें।







