नेहरू स्टेडियम बिजनौर में सूर्य नमस्कार, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा रहे मुख्य अतिथि

क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में सूर्य सप्तमी पर युवाओं ने किया सामूहिक सूर्य नमस्कार

बिजनौर(चिंगारी )। क्रीड़ा भारती बिजनौर के तत्वावधान में सूर्य सप्तमी के अवसर पर नेहरू स्टेडियम, बिजनौर में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट मौसम चौधरी ने की, जबकि क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रसाद महानकर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करना रहा।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि यदि युवा प्रतिदिन सूर्य नमस्कार करें तो इससे मन शांत, शरीर मजबूत और स्वस्थ रहता है तथा जीवन के सभी लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संकल्प सिद्धि का इससे सरल मार्ग कोई नहीं है। खेलों से व्यक्ति के स्वास्थ्य का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ युवा, स्वस्थ भारत और फिट इंडिया के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि इसी दिशा में आगे बढ़कर देश विश्व पटल पर अग्रणी बनेगा और दुनिया को शांति का संदेश देगा।
कार्यक्रम का संचालन वर्षा ने किया। इस दौरान क्रीड़ा भारती के प्रांत सह मंत्री ललित राजपूत, प्रशांत महर्षि, क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष प्रदीप चौहान, चंचल ढाका, नवदीप चौधरी, अरविंद अहलावत, संजय चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह, राहुल चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान उर्फ बॉबी, दीपक गर्ग मोनू, संजीव गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।