मॉडर्न ऐरा स्कूल, बिजनौर की प्रिंसिपल के आवास में लगी आग, मां की मौत

बिजनौर (चिंगारी)। मंडावर रोड स्थित माडर्न एरा पब्लिक स्कूल में आज सुबह हुई एक दुखद दुर्घटना में प्रिंसिपल डा.सीमा विश्वास की वृद्ध माता जी की मृत्यु हो गई। दुर्घटना से स्कूल में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रिंसिपल डा. सीमा विश्वास स्कूल परिसर में बने आवास में अपनी 78 वर्षीय वृद्ध मां अर्चना विश्वास के साथ रहती थीं। शुक्रवार की सुबह उनकी वृद्धा मां अर्चना विश्वास घर में अकेली थीं। पूर्वाह्न करीब 11 बजे अचानक शार्ट सर्किट से घर के एक कमरे में आग लग गई। वृद्धा अर्चना श्वांस सम्बंधी रोग से पीडि़त थीं। घर में धुआं होने के कारण उनका सांस फूल गया और वे बेहोश हो गईं। बताया जाता है कि अर्चना विश्वास मामूली रूप से झुलस भी गई थीं। घर से धुंआ उठता देख स्कूल स्टॉफ दौड़ कर वहां पहुंचा। बेहोश वृद्धा को आनन फानन में निजी अस्पताल ले जाया गया जहां थोड़ी ही देर बाद उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। घटना से स्कूल में मातम पसर गया। लोग दुर्घटना पर दु:ख व्यक्त करते हुए प्रिंसिपल डा.सीमा विश्वास को ढांढस बंधा रहे हैं। मॉडर्न ऐरा पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अनिल चौधरी एड. ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से लगी आग के कारण घर में धुआं ही धुआं हो गया था। अर्चना विश्वास श्वांस रोगी थीं। उनसे धुआं बर्दाश्त नहीं हुआ। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। स्कूल स्टाफ दुर्घटना से सदमे में है। चिंगारी परिवार अर्चना विश्वास के आकस्मिक निधन पर हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता है।