शादी समारोह में खूनी वारदात, दूल्हे के तयेरे भाई की हत्या

मामूली कहासुनी के बाद युवक ने बर्फ तोड़ने वाले सुए से किए ताबड़तोड़ वार, नाक से सिर के पार हुआ सुआ

मृतक बीएसएफ के सब इंस्पेकटर का पुत्र था

बिजनौर (चिंगारी)। शहर के एक बैंक्वेट हॉल में मंगलवार को आयोजित शादी समारोह उस समय खूनी वारदात में बदल गया, जब मामूली कहासुनी के बाद नशे में धुत्त कुछ युवक ने दूल्हे के तयेरे भाई पर बर्फ तोड़ने वाले सुए से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। हमले में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के पिता अशोक बीएसएफ में सब इंस्पेक्टर के पद पर है। घटना को लेकर कश्यप समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर के मोहल्ला बकली निवासी प्रीतम सिंह कश्यप की पुत्री की मंगलवार को शादी थी। बारात कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव मखवाड़ा से आई थी। विवाह समारोह का आयोजन हीरा बैंक्वेट हॉल में किया गया था। बारात में दूल्हा आकाश का 28 वर्षीय तयेरा भाई अश्मनी भी शामिल था। समारोह शादी की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया।
बताया जाता है कि विवाह समारोह में बकली के कुछ युवक शराब पी रहे थे।किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी होने लगी। दूल्हे का तयेरा भाई अश्मनी उधर से गुजरा तो उसने युवकों के बीच हो रही कहासुनी का कारण जानने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान विवाद कर रहे युवकों ने आपसी कहासुनी को छोड़कर अश्मनी को ही निशाना बना लिया और उसके साथ उलझ पड़े।
आरोप है कि विवाद के दौरान रवि व अन्य युवकों ने बर्फ तोड़ने वाले सुए से अश्मनी पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। हमला इतना घातक था कि एक वार में सुआ उसकी नाक से होता हुआ सिर के पार निकल गया। गंभीर चोट लगने के कारण अश्मनी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। अचानक हुई इस वारदात से शादी समारोह में मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
शादी समारोह में युवक की हत्या की खबर फैलते ही बारात में अफरातफरी मच गई। खुशियों के बीच हुई इस सनसनीखेज वारदात से दोनों पक्षों के लोग सकते में आ गए। परिजनों और रिश्तेदारों में शोक छा गया। जिस समारोह में विवाह की रस्में निभाई जा रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

कश्यप समाज में भारी आक्रोश


शादी समारोह में हुई हत्या को लेकर कश्यप समाज के लोगों में भारी आक्रोश है। घटना की जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के जिलाध्यक्ष ओमपाल कश्यप व निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित समाज के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होने समझा-बुझाकर लोगो को शांत कराया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरु कर दिये हैं।

o