बिजनौर गंगा बैराज तटबंध पर लूट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, तीन फरार
गंगा बैराज तटबंध पर लूट का खुलासा
बिजनौर। गंगा बैराज के तटबंध पर राहगीरों से लूट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। कोतवाली शहर पुलिस ने वारदात में शामिल तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके तीन साथी अभी फरार हैं।
एएसपी सिटी डॉ. केजी सिंह ने बताया कि वाजिदपुर निवासी धर्मेंद्र ने 28 अगस्त को रावली बैराज रोड पर हुई घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। धर्मेंद्र ने बताया कि अज्ञात आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर उसकी बाइक, मोबाइल फोन और 2200 रुपये नकद लूट लिए थे। इसके बाद आरोपियों ने उसके मोबाइल से फोन-पे के जरिए 9700 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। इसी दौरान दीपक नामक राहगीर से भी मारपीट कर मोबाइल और 2800 रुपये नकद लूट लिए गए। वारदात के बाद आरोपी अपनी अपाचे बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकले थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ट्रांसफर की गई रकम बहसूमा के पेट्रोल पंप से निकाली थी। जांच के आधार पर पुलिस ने फिरोज अली निवासी मछली मंडी कस्बा मंडावर, अमजद खान निवासी ग्राम चाहड़वाला और मुबारिक निवासी मोड़ी मोड़ा थाना बोडिया, यमुनानगर (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। इनके तीन साथी महताब, सावन और फरियाद की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि वारदात में छह आरोपियों के शामिल होने की पुष्टि के बाद डकैती की धारा भी बढ़ा दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई प्लेटिना बाइक, 1510 रुपये नकद और एक आईकार्ड बरामद किया गया है।
प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी देहात गौतम राय और सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








