दोयज मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़


बूढ़े बाबा की प्रतिमा पर प्रसाद व कान-खोपड़ी चढ़ाकर श्रद्धालुओं ने मांगी सुख-समृद्धि, सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात


बिजनौर। प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाला दोयज मेला इस बार भी रोडवेज बस अड्डे के पास धूमधाम के साथ लगा। मेले में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विशेष रूप से महिलाओं की संख्या काफी अधिक रही। श्रद्धालुओं ने बूढ़े बाबा की प्रतिमा पर प्रसाद एवं कान-खोपड़ी चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मेले में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें प्रसाद चढ़ाने के लिए लगी रहीं। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बूढ़े बाबा की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं। मेले के चलते आसपास के क्षेत्र में काफी चहल-पहल रही।
बताया जाता है कि दोयज का मेला बिजनौर के अलावा हल्दौर, महेश्वरी जट समेत करीब एक दर्जन स्थानों पर भी आयोजित किया जाता है। मेले को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी मेले में व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे रहे।