उत्तराखंड में बनेगा नीम करोली बाबा दर्शन सर्किट, यूपी के प्रमुख साधना स्थलों को भी जोड़ा जाएगा
कैंची धाम, ककड़ी घाट, ऋषिकेश समेत बाबा से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों को जोड़ने की तैयारी, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया विस्तार
देहरादून। उत्तराखंड में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नीम करोली बाबा दर्शन सर्किट विकसित किया जाएगा। इसके तहत बाबा के कैंची धाम स्थित आश्रम सहित उत्तराखंड में उनके निवास और साधना से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों को आपस में जोड़कर एक व्यापक दर्शन सर्किट तैयार करने की योजना है।
पर्यटन विभाग के अनुसार, हनुमान अंश मूवी से मिली प्रेरणा के बाद नीम करोली बाबा से जुड़े प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में यह पहल की जा रही है। प्रस्तावित सर्किट में कैंची धाम के साथ ककड़ी घाट, ऋषिकेश और उत्तराखंड के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों को शामिल किया जाएगा।
इस संबंध में उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी चर्चा की है। योजना के तहत उत्तर प्रदेश के मथुरा, लखनऊ स्थित हनुमान मंदिर तथा अन्य स्थानों पर नीम करोली बाबा से जुड़े साधना स्थलों को भी सर्किट में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।
इस प्रकार उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश को जोड़ते हुए एक व्यापक ‘नीम करोली बाबा दर्शन सर्किट’ विकसित करने की योजना है। इससे दोनों राज्यों के धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों को एक साथ जोड़ने में मदद मिलेगी।
पर्यटन मंत्री ने विश्वास जताया कि इस पहल से धार्मिक पर्यटन को व्यापक विस्तार मिलेगा। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को नीम करोली बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों के दर्शन के साथ ध्यान, ज्ञान और आध्यात्मिक शिक्षा से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।
सरकार का मानना है कि कैंची धाम पहले से ही देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में बाबा से जुड़े अन्य स्थलों को एक सर्किट के रूप में विकसित करने से स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिल सकता है।










