एनएच-34 पर जलभराव ख़त्म होने के बाद बहाल हुआ यातायात, मेरठ-मुजफ्फरनगर से कट गया था बिजनौर का सीधा संपर्क
देवल गांव के पास जलभराव से बंद हुआ था हाईवे, पानी निकासी के बाद ट्रैफिक शुरू, क्षतिग्रस्त सडक़ की मरम्मत जारी

बिजनौर (चिंगारी)। लगातार हो रही बारिश के कारण एनएच-34 पर ग्राम देवल के पास जलभराव होने से गुरुवार की देर शाम बंद किया गया बिजनौर-मेरठ मार्ग शुक्रवार को खोल दिया गया। जलभराव समाप्त होने के बाद इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से शुरू करा दिया गया है। इससे बिजनौर का मेरठ और मुजफ्फरनगर से सीधा सडक़ संपर्क पुन: बहाल हो गया।
गौरतलब है कि ग्राम देवल के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सडक़ पर भारी जलभराव हो गया था। पानी भरने से सडक़ का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था कई भारी वाहन उसमें धंस गए थे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन बिजनौर-मेरठ मार्ग पर यातायात बंद कर दिया था, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं।

यातायात प्रभावित होने पर पुलिस ने मेरठ और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को चांदपुर-धनौरा-गजरौला मार्ग से डायवर्ट किया था। इस दौरान बिजनौर का मेरठ और मुजफ्फरनगर से सीधा सडक़ संपर्क पूरी तरह प्रभावित रहा।
एनएचएआई के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पानी निकासी के लिए युद्धस्तर पर कार्य शुरू कराया। एनएचएआई के एसडीओ आशीष शर्मा ने बताया कि हाईवे के लिए अधिग्रहित भूमि में स्थित एक भवन अभी तक नहीं हटाया गया था, जिससे पानी की निकासी बाधित हो रही थी। भवन हटाकर तथा दो अन्य स्थानों पर निकासी की व्यवस्था कर जलभराव समाप्त कराया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त सडक़ की मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। जलभराव समाप्त होने के बाद पुलिस ने रूट डायवर्जन भी समाप्त कर दिया और अब एनएच-34 पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।






