बिजनौर की सड़कें बदहाल, गड्ढों और बरसात में जलभराव से बढ़ा हादसों का खतरा

बिजनौर(चिंगारी ) । जिला मुख्यालय की कई प्रमुख सड़कें इन दिनों बदहाल स्थिति में हैं। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के चलते गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होने का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।


1 – शक्ति चौराहे से वीकेआईटी मार्ग तक सड़क अनेक स्थानों पर क्षतिग्रस्त है।सबसे बुरा हाल तो रसीदपुर गढ़ी के समीप है।सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक अक्सर असंतुलित होकर गिर जाते हैं और चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है। कई बार ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य भारी वाहन भी गड्ढों में फंसकर पलटने की स्थिति में पहुंच जाते हैं।


2 – इसी प्रकार चक्कर रोड स्थित ज्ञान विहार कॉलोनी की सड़क भी पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जलभराव होने से लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।


3 – वहीं डीएम कंपाउंड से जजी चौराहे तक का मार्ग भी जगह-जगह से टूटा हुआ है। गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन चालकों के बीच टक्कर होने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।


स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इन मार्गों से प्रतिदिन प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी गुजरते हैं, लेकिन सड़क मरम्मत की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से शीघ्र सड़क मरम्मत कराकर गड्ढों को भरवाने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।