भात लेकर पहुंचे दलितों के डीजे पर पथराव, बाइक में तोड़फोड़ का आरोप
सालमाबाद गांव में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद तनाव, पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया
बिजनौर।
जनपद के समीपवर्ती ग्राम सालमाबाद में सोमवार शाम भात लेकर पहुंचे दलित समाज के लोगों के डीजे पर कथित रूप से दूसरी जाति के कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। घटना में कई लोग मामूली रूप से घायल हो गए, जबकि एक बाइक में भी तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर दलित समाज के लोगों में रोष व्याप्त हो गया और उन्होंने थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सालमाबाद निवासी स्वर्गीय परमाले के पुत्र सतीश की शादी का कार्यक्रम चल रहा है। सोमवार को मंडा कार्यक्रम के दौरान फतेहपुर गढ़ी से भात लेकर परिजन और रिश्तेदार डीजे के साथ गांव पहुंचे थे। आरोप है कि जैसे ही डीजे बजाते हुए भाती गांव में पंकज पुत्र देव के घर के सामने पहुंचे, पंकज और उसके साथ मौजूद कुछ लोगों ने डीजे बंद कराने को लेकर विरोध किया और पथराव शुरू कर दिया।
पथराव में कई भाती मामूली रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने सतीश के बहनोई की बाइक में भी तोड़फोड़ की। घटना के बाद बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग एकत्र होकर थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। इस दौरान बहुजन पैंथर पार्टी के पदाधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर नोकझोंक भी हुई।
सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि सालमाबाद गांव में दो अलग-अलग जातियों के लोगों के बीच मारपीट की घटना हुई है। मामले में पंकज और अजय नामक दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।







