मीरापुर में ईडी की छापेमारी से गांव में मचा हड़कंप
टीम ने मौ. अली के घर पर धावा बोला
कासमपुर गढ़ी (चिंगारी)। आज सुबह मीरापुर मोदीवाला में अचानक पहुंची प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम से गांव में हड़कंप मच गया। ईडी की टीम सीधे मौ. अली नम्बरदार के घर पर पहुंची और घर में मौजूद परिजनों से छानबीन व पूछताछ शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक स्थानीय पुलिस टीम सहित बाहर से आई टीम के कुछ सदस्य घर के बाहर मौजूद रहे और टीम के बाकी सदस्य घर में छानबीन व पूछताछ करते रहे।
कोतवाली अफजलगढ़ क्षेत्र के ग्राम मीरापुर मोदीवाला में आज प्रांत: लगभग 6 बजे जब गांव में एक के बाद एक पुलिस एवं कई सरकारी गाड़ियों को आगे पीछे दनादन अंदाज में आते हुए देखा तो ग्रामीण सहम गए। जब तक ग्रामीणों की समझ में कुछ आ पता तब तक सरकारी गाड़ियां गांव निवासी मौ. अली नंबरदार के घर पर जा रुकी और गाड़ियों में सवार ईडी की टीम फुर्ती दिखाते हुए मौ. अली के घर में प्रवेश कर गई।
मौ. अली के घर अचानक हुई इस छापेमारी से परिजनों में हड़कंप मच गया और गांववासियों में तरह-तरह की कानाफूसी व चर्चाएं होने लगी। स्थानीय पुलिस टीम सहित ईडी की टीम ने घर को हर तरफ से घेर लिया। इस दौरान कई सरकारी गाड़ियों का बार-बार गांव से बाहर भी आवागमन रहा। बताया जा रहा है कि क्षेत्र की एसबीआई व एचडीएफसी बैंक की शाखाओं से कुछ बैंक अधिकारियों को भी गाड़ी में बैठाकर मौ. अली के घर लाया गया है। हालांकि अभी इस प्रकार की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मौके पर अफजलगढ़ थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह राठी भी सहयोगी पुलिसकर्मियों सहित ईडी की टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं। समाचार लिखे जाने तक ईडी की टीम छापेमारी के दौरान छानबीन व पूछताछ में लगी हुई थी। मौ. अली नम्बरदार के यहां हुई ईडी की इस छापेमारी से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं। मौ. अली जूते-चप्पल के कारोबारी हैं।
उनका एक पुत्र दानिश नंबरदार विदेश में रहता है जबकि बाकी पुत्र अफजलगढ़ व चौहड़वाला में स्थित अपनी जूते चप्पलों की दुकानों पर रहते हैं। आखिर ईडी की छापेमारी का यह है माजरा क्या है इसकी अभी कोई आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हो पाई है। गांवों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।









