थाना परिसर में किन्नरों के बीच हुई मारपीट की भेंट चढ़े कोतवाल, एसपी ने सस्पैंड किया
बिजनौर (चिंगारी)। मंगलवार को थाना कोतवाली शहर बिजनौर परिसर में किन्नरों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस द्वारा बरती गई लापरवाही के आरोप में एसपी अभिषेक झा ने शहर कोतवाल धर्मेन्द्र सोलंकी को निलम्बित कर दिया है।
मंगलवार को शहर कोतवाली परिसर में फैसले के लिए पहुंचे दो किन्नर गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई थी। इस दौरान थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। घटना के बाद पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने के आरोप लगे। पुलिस ने इस मामले मे एक पक्ष के 14 किन्नरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनका चालान कर दिया। जांच क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) संग्राम सिंह द्वारा की गई, जिसमें सामने आया कि जो पक्ष वीडियो में आक्रामक दिखाई दे रहा था, उसी की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया और 14 लोगों की गिरफ्तारी की गई।
सीओ सिटी की प्रारंभिक जांच में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह की लापरवाही और शिथिलता सामने आई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए। निलंबित किये गये प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सोलंकी के स्थान पर अफज़़लगढ़ थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह को बिजनौर कोतवाली की जि़म्मदारी सौंपी गई है। रेहड़ थानाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह राठी को अफज़़लगढ़ थाने का चार्ज दिया गया है, जबकी विशेष जांच प्रकोष्ठ के प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार वर्मा को रेहड़ थाने की जि़म्मेदारी दी गई है।
दूसरे पक्ष के 8 किन्नरों का भी चालान
एसपी अभिषेक झा ने एक पक्ष के विरुद्ध की गई कार्यवाही को गंभीरता से लिया।उन्होंने न केवल कोतवाल धर्मेंद्र सोलंकी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया बल्कि निष्पक्षता के साथ दूसरे पक्ष के खिलाफ भी कार्यवाही के निर्देश दिया। नवनियुक्त शहर कोतवाल रामप्रताप सिंह ने बताया कि दूसरे पक्ष के किन्नर हाजी रानी साहित 8 किन्नरों का भी चालान कर दिया गया है।






