रोडवेज बसों में यदि मिले 5 से अधिक बेटिकट,तो टीआई को भी झेलना पड़ेगा संकट पर कार्रवाई तय
-डिपो के एआरएम के खिलाफ भी होगी कार्रवाई
बिजनौर(चिंगारी)।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में बिना टिकट यात्रा करना अब न केवल यात्रियों को भारी पड़ेगा बल्कि
टीआई व डिपो के एआरएम को भी परशानी झेलनी पड़ेगी। मुख्यालय से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी बस में पांच या उससे अधिक बिना टिकट यात्री पकड़े जाते हैं और प्रवर्तन में लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित टीआई (ट्रैफिक इंस्पेक्टर) के साथ-साथ डिपो के एआरएम के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम मुख्यालय द्वारा हाल में की गई समीक्षा में सामने आया है कि कई मामलों में मुख्यालय स्क्वॉड (एचक्यू स्क्वॉड) द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
अपर प्रबंध निदेशक रामसिंह वर्मा ने प्रदेश भर के क्षेत्रीय प्रबंधकों (आरएम) और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों (एआरएम) को भेजे आदेश में कहा है कि जहां एचक्यू स्क्वॉड ने कार्रवाई नहीं की और बाद में एआरएम या क्षेत्रीय स्क्वॉड को पांच से अधिक बिना टिकट यात्री मिले, वहां संबंधित एचक्यू स्क्वॉड को तुरंत हटाते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिन मामलों में एचक्यू स्क्वॉड ने कार्रवाई की है, वहां जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित एआरएम पर भी कार्रवाई होगी।
परिवहन निगम अधिकारियों का कहना है कि इस सख्ती से न केवल राजस्व में सुधार होगा, बल्कि प्रवर्तन व्यवस्था की विश्वसनीयता और पारदर्शिता भी बढ़ेगी। बिजनौर एआरएम अशोक कुमार ने बताया कि मुख्यालय से पत्र मिल गया है। नये नियम से चैकिंग व्यवस्था में सुधार होगा।








