चप्पल गिरने का बहाना बनाकर गंगा में कूदी महिला, अभी कोई सुराग नहीं
थाना मंडावर क्षेत्र के भोजपुर गांव निवासी एक महिला ने बुधवार को बालावाली गंगा पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी थी। महिला अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर हरिद्वार जा रही थी। रास्ते में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच नाराजगी बताई जा रही है। बालावाली गंगा पुल पर पहुंचने के बाद महिला ने चप्पल गिरने का बहाना बनाकर पति से बाइक रुकवाई और बाइक से उतरते ही गंगा में छलांग लगा दी थी।
अचानक हुई इस घटना से पति के होश उड़ गए थे। देखते ही देखते महिला गंगा की तेज धाराओं में समा गई थी। फिलहाल एनडीआरएफ और पुलिस की टीम गंगा नदी में मोटी की तलाश में जुटी हुई है। तेज बहाव के कारण बचाव दल को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
बाइक सवार पत्नी ने बालावाली पुल से लगाई गंगा में छलांग
बिजनौर (बि.टा.)। मंडावर थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक से पति के साथ जा रही महिला ने बालावाली पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। इससे पहले कि पति कुछ समझ पाता, महिला गंगा में समा गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला की तलाश शुरू करा दी है। मंडावर क्षेत्र के ग्राम भोजपुर निवासी बॉबी पुत्र ऋषिपाल हरिद्वार में रहकर बच्चों के साथ काम करता है। उसकी शादी बढ़ापुर थाना क्षेत्र के गांव अलीवाला निवासी वसू की पुत्री मोंटी से हुई थी। बुधवार सुबह बॉबी अपनी पत्नी के साथ गांव आया था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी।
चप्पल निकलने पर रुकी बाइक
बताया जाता है कि बुधवार को दोपहर बाद बॉबी पत्नी को लेकर बाइक से हरिद्वार लौट रहा था। दोनों जैसे ही बालावाली पुल के बीच पहुंचे, बाइक चलाते समय बॉबी की चप्पल निकल गई। उसने बाइक रोककर चप्पल उठाने का प्रयास
किया। इसी दौरान उसकी पत्नी ने अचानक पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। अचानक हुई घटना से पति के होश उड़ गए। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शुरू कराई तलाश
घटना की सूचना मिलते ही मंडावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला की गंगा में तलाश शुरू कराई। नदी में पानी अधिक होने और तेज बहाव के कारण तलाश में परेशानी आ रही है। पुलिस महिला के परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। घटना का कारण पति-पत्नी के बीच चल रही अनबन बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि महिला की तलाश के साथ घटना के संबंध में अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।









