​बाइक सवार ने ली बेजुबान ‘बटर’ की जान

नगीना (चिंगारी)। सड़क पर तेज रफ्तार बेकाबू होकर बाइक दौड़ाने का खामियाजा एक पालतू कुत्ते को अपनी जान की कीमत देकर चुकाना पड़ा। दरअसल एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क किनारे खड़े एक पालतू कुत्ते को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कुत्ते ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अपने लाडले पालतू कुत्ते की यकायक मौत देखकर परिवार गम में डूब गया। बाइक सवार घटना करने के बाद मौके से रफू-चक्कर हो गया।

​नगर के हिंदू इंटर कॉलेज के सामने वैष्णव विहार कॉलोनी में रहने वाले मोहित गोयल व उनकी पत्नी श्वेता गोयल ने पिछले करीब छह वर्षों से घर में एक कुत्ता पाल रखा था। बटर नाम से पहचान बनाने वाला कुत्ता अपने शांत स्वभाव व खूबसूरत कद काठी व सफेद मनमोहक बालों के चलते पूरे मोहल्ले में सबका चहेता बना हुआ था। मंगलवार की सुबह ‘बटर’ के साथ ऐसी घटना घटी कि पूरा परिवार गम में डूब गया। दरअसल, मोहित गोयल को अपनी कार द्वारा कहीं बाहर जाना था। उनकी पत्नी उन्हें बाहर कार तक छोड़ने पहुंची तभी ‘बटर’ भी उनके साथ-साथ बाहर आ गया, तभी एक युवक अपनी बाइक को बेकाबू तरीके से दौड़ाता हुआ उनके करीब पहुंच गया।

​इस घटना में मोहित गोयल व उनकी पत्नी तो बाल-बाल बच गई, लेकिन बाइक कुत्ते के ऊपर चढ़ गई। इस घटना के बाद ‘बटर’ अधमरा हो गया तथा भागते हुए घर के दरवाजे पर उसने प्राण त्याग दिए। घटना करने के बाद तेज बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घर के लाडले बने पालतू कुत्ते बटर की अचानक दुर्घटना में मौत के बाद परिवार में दुःख का माहौल हो गया। इसके बाद पूरे सम्मान के साथ धामपुर मार्ग स्थित रामलीला बाग मैदान पर कुत्ते के शव को दफनाया गया। इस मौके पर परिवार के सभी सदस्यों के अलावा पशु प्रेमी व महिला चिकित्सक डॉक्टर मंजू चौहान भी मौजूद रहीं।

पुलिस को बड़ी घटना का इंतजार?

​बताते चलें कि हिंदू इंटर कॉलेज के सामने स्थित वैष्णव विहार कॉलोनी नगर की सबसे पास कॉलोनी में गिनी जाती है। नगरपालिका प्रशासन द्वारा हिंदू इंटर कॉलेज का चौड़ीकरण कराया गया तो यह लफंगों और रईसजादों के लिए बाइक से गुंडागर्दी करने का एक सुरक्षित मार्ग बन गया। इस मार्ग पर सुबह सवेरे छोटे बच्चों से लेकर बड़े बुजुर्ग तक घूमने जाते हैं, लेकिन इस मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए स्टंट करना भी युवाओं का नया आकर्षण बन गया। साइलेंसर बदलकर पटाखे बजाते हुए गुंडागर्दी करना बुलेट चालकों का अब रोज का काम हो गया है। इन सब चीजों को जानते हुए भी नगीना पुलिस मूक दर्शक बनी हुई है। लगता है पुलिस प्रशासन भी इन लफंगों की गुंडागर्दी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है।

बच्चे भी रोते-बिलखते रहे

​मनुष्य से तो आमतौर पर लोगों को प्यार करते हुए आपने देखा होगा, लेकिन पशु से भी इतना ही प्रेम आमतौर पर कम देखने को मिलता होगा, जितना मोहित गोयल के परिवार के यहां देखने को मिला है। पालतू कुत्ते बटर की अचानक मौत के बाद बड़ों की बात तो छोड़िए स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चे भी रोते बिलखते देखे गए। घर के चार छोटे बच्चों को छुट्टी से पहले ही घर बुलाया गया तथा सभी स्कूली ड्रेस में कुत्ते के अंतिम विदाई कार्यक्रम में रोते बिलखते हुए शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में तेज रफ्तार बाइक चलाने वाले युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।