बिजनौर:- उच्च न्यायालय के प्रशासनिक जज ने किया जिला कारागार का औचक निरीक्षण
बंदियों की सुविधाओं, भोजन और स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा, सफाई व्यवस्था की सराहना की
बिजनौर (चिंगारी)। आज उच्च न्यायालय प्रयागराज के प्रशासनिक जज कमलेश पंवार ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला जज संजय कुमार, जिलाधिकारी जसजीत कौर और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक जज ने जेल की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बंदियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की और यह सुनिश्चित किया कि उन्हें समय पर एवं उचित भोजन मिल रहा है या नहीं। इसके साथ ही उन्होंने बीमार बंदियों के इलाज की स्थिति की भी समीक्षा की और चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
जज कमलेश पंवार ने यह भी जाना कि क्या किसी बंदी को सरकारी वकील की आवश्यकता है और उन्हें विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है या नहीं। उन्होंने जेल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था की सराहना की, साथ ही इसे और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बंदियों के अधिकारों और सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।








