एसपी को पूरी घटना बताई, व्यापारियों ने चोरी का खुलासा न होने पर नाराज़गी जताई

बिजनौर(चिंगारी )। व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान (रजिस्टर्ड) बिजनौर के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर 13 मार्च को व्यापारी अमित अग्रवाल के घर हुई चोरी की घटना का खुलासा न होने पर नाराजगी जताते हुए उन्हे ज्ञापन दिया।
व्यापारियों ने बताया कि 13 मार्च को चोरों ने ताले तोड़कर अमित अग्रवाल के घर से लाखों रुपये की चोरी की वारदात की थी। इस संबंध में बिजनौर कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज कराया गया था, लेकिन घटना के इतने दिन बाद भी न तो चोरी का खुलासा हो सका और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हो पाई। व्यापारियों ने एसपी को बताया कि सुरक्षा फोरम संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं व्यापारी कल्याण बोर्ड उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अशोक गोयल भी फोन के माध्यम से जल्द खुलासा करने की मांग कर चुके है, लेकिन अभी तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द चोरी का खुलासा नहीं किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष राजकुमार गोयल, जिला महामंत्री खगेश कुमार शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष नीतू अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, अरविंद ठाकुर, सुनील कुमार गुप्ता, अंकित गोयल, विनीत कुमार सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।