स्मार्ट मीटर से ग़ुरबत पर प्रहार, बढ़ी समस्याएं

  • पैसों के अभाव में गरीबों पर पड़ रही दोहरी मार
  • बिल जमा करने के बाद भी नहीं हो रही बिजली सप्लाई चालू, एसई का इंकार
  • क्षेत्रीय सांसद ने संसद में उठाई समस्या

शहबाज़ अनवर

बिजनौर, चिंगारी

केस-1

धामपुर के मोहल्ला क्षत्रिय नगर में बलवंत सिंह के घर की बत्ती अचानक गुल हो जाती है। उन्हें समझ नहीं आता कि आख़िर विद्युत सप्लाई क्यों बंद हो गई, बाद में मालूम पड़ा कि उनके घर पर स्मार्ट मीटर लगा है और उनका बिल नेगेटिव में जा रहा है, हालांकि बिजली सप्लाई जल्द चालू हो उन्होंने तुरंत ही बिजली का बिल जमा भी कर दिया, लेकिन तीन दिन के बाद ही उनके घर की बिजली सप्लाई चालू नहीं हो पाई।

केस- 2

धामपुर के मोहल्ला नई सराय निवासी जावेद अहमद के मीटर में बिजली सप्लाई तो चालू है, लेकिन घर के भीतर बिजली ठप्प पड़ी हुई है, उन्हें मालूम नहीं पड़ रहा कि बिजली क्यों बंद है, वह इलेक्ट्रीशियन को बुलाकर घर की बिजली सप्लाई खराब होने की आशंका के चलते दिखवाते हैं, हालांकि बाद में उन्हें मालूम पड़ता है कि स्मार्ट मीटर में उनका बिल नेगेटिव होने की वजह से यह विद्युत आपूर्ति बाधित है।

यह भले ही कुछ चुनिंदा मामले दिख रहे हों, लेकिन बिजनौर जिले में कई जगह उपभोक्ताओं को ऐसी समस्याएं आ रही हैं। ये परेशानी मध्य मार्च से शुरू हुई स्मार्ट प्री-पेड योजना के बात से शुरू हुई है। उपभोक्ताओं को समझ नहीं आ रहा है कि आखिर इससे कैसे निजात मिले। दूसरी ओर एसई धामपुर सतीश कुमार ने दावा किया कि स्मार्ट मीटर में बिजली बिल जमा होते ही कनेक्शन चंद समय में चालू हो जाता है।

सर्वर पर लोड अधिक तो बढ़ रही समस्याएं

स्मार्ट प्री-पेड मीटर लगने से सिर्फ आम उपभोक्ता ही परेशान नहीं हैं, बल्कि कुछ अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि स्मार्ट मीटर में बिल जमा होने के बाद भी काफी-काफी समय तक कनेक्शन नहीं जुड़ पा रहा है, अशिकारियों का कहना है ये मामला मैनुअल नहीं है, सर्वर डाउन होने या लोड अधिक होने पर मीटर के पुनः कनेक्शन में देरी हो रही है। हालांकि यदि कोई समस्या हो तो 1912 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

क्षेत्रीय सांसद ने उठाई समस्या

नगीना लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने इस समस्या को केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर के समक्ष सांसद में उठाईं। उन्होंने विद्युत मंत्री से सीधा सवाल किया कि इस नई व्यवस्था का असर ग़रीब जनता पर पड़ेगा, एक ग़रीब के पास अगर वक्ती तौर पर पैसे नहीं हैं तो वह किस प्रकार बिल जमा कर पायेगा, उन्होंने इस व्यवस्था को लेकर भाजपा को कठघरे में खड़ा किया। सांसद प्रतिनिधि विवेक सेन ने बताया कि उनके पास स्मार्ट मीटर को लेकर तमाम समस्याएं पहुंच रही हैं, जल्द इस तरफ उचित और प्रभावी कदम उठाएंगे।