बुजुर्ग दंपति की संदिग्ध मौत से कांपा मसूरी गांव
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस ट्रांसफार्मर हादसे को मान रही मौत की वजह, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
कोतवाली देहात(चिंगारी)। थाना क्षेत्र के गांव मसूरी में मंगलवार की रात को ऐसी दर्दनाक घटना हुई, जिसने पूरे इलाके को शोक और सन्नाटे में डुबो दिया। गांव से बाहर बने अपने घर में रह रहे बुजुर्ग दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना को लेकर जहां परिजन इसे निर्मम हत्या बता रहे हैं, वहीं पुलिस इसे हादसा मान रही है।
गांव मसूरी निवासी 75 वर्षीय जीराज सिंह अपनी 70 वर्षीय पत्नी रामरति देवी के साथ गांव से बाहर बने मकान में रहते थे। उनके दोनों पुत्र अपने-अपने परिवारों के साथ गांव के अंदर पुश्तैनी घरों में रहते हैं।
बताया जाता है कि मंगलवार की रात करीब 9 बजे घर के आसपास से शोर सुनाई दिया।शोर सुनकर उनका पुत्र दिनेश मौके पर पहुंचा तो देखा कि उसके पिता जीराज सिंह घर के बाहर सड़क पर गंभीर हालत में पड़े थे। वे ज़िंदगी आखिरी सांसे गिन रहे थे। पूछने पर वे कुछ भी नहीं बता सके। आनन फानन में उन्हे इलाज के लिए ले जाया गया लेकिन कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। दूसरी ओर घर के अंदर बिस्तर पर दिनेश की मां रामरति देवी मृत अवस्था में मिलीं।
इस हृदयविदारक दृश्य को देख परिजनों में कोहराम मच गया। बेटे दिनेश कुमार का आरोप है कि अज्ञात बदमाशों ने उसके माता-पिता की गला दबाकर हत्या की है। उनका कहना है कि परिवार को आज बुधवार को बिजनौर के समीपवरती गांव सदुपुरा में भात देने जाना था, जिसके चलते घर में नकदी होने का बदमाशों ने अंदाजा लगाया होगा। हालांकि घर में 8300 रुपये सुरक्षित रखे मिले, जबकि अधिक रकम पहले ही गांव के अंदर वाले घर में रख दी गई थी। परिजनों का मानना है कि पैसा न मिलने से नाराज बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया होगा और पहचान के डर से बुजुर्ग दंपति की हत्या कर दी।
वहीं, पुलिस इस मामले को अलग नजरिए से देख रही है। एएसपी ग्रामीण के अनुसार, बुजुर्ग दंपति के घर के पास एक विद्युत ट्रांसफार्मर लगा है, जिससे करीब आधा किलो वजनी धातु का टुकड़ा गिरकर जीराज सिंह के सिर पर लगा, जिससे उनकी मौत हो गई। पत्नी रामरति देवी की मृत्यु पति की अचानक मौत के सदमे से होने की बात कही जा रही है।
थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध है और हर पहलू से जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बुजुर्ग दंपति की एक साथ मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है, वहीं परिजन न्याय की आस लगाए बैठे हैं।






