अनियंत्रित होकर कार नहर में गिरने से दो दोस्तों की मौत-समीपुर के पास कोहरे के कारण हुआ हादसा, कई लोग घायल
नजीबाबाद (चिंगारी)। थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब 2 बजे समीपुर नहर के पास घने कोहरे के चलते एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होकर नहर में गिरने से कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मृतकों की पहचान सतीश (55 वर्ष) पुत्र किरनदास निवासी मनीकृति, ऋषिकेश तथा सचिन (36वर्ष) पुत्र अनूप कुमार निवासी ग्राम मानियावाला, थाना अफजलगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया है कि सतीश होटल लाइन में कार्यरत थे, जबकि सचिन पेशे से जेसीबी चालक था। सचिन की शादी वर्ष 2017 में हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है। दोनों अपने दोस्तों के साथ नजीबाबाद के मौहल्ला मकबरा में रवि की बारात में शामिल होने आए थे। कार में कुल 6 दोस्त सवार थे। हादसे में घायल हुए लोगों में विशाल कुमार, मोहित, नितिन विशाल व एक अन्य विशाल शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घना कोहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिससे वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार दुर्घटनाग्रस्त होकर नहर में गई। घटना की नजीबाबाद थाना पुलिस ने पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अनियंत्रित होकर कार नहर में गिरने से यह हादसा हुआ। इस खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।







