नगीना में सूट बदलने को लेकर विवाद, सरेबाज़ार मारपीट और पत्थरबाज़ी, चार लोग घायल
नगीना कस्बे में रविवार को सूट बदलने को लेकर ग्राहकों और दुकानदारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुँच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर हाथापाई शुरू हो गई। हालात बिगड़ते ही एक पक्ष ने दूसरे पर पत्थर उठा लिए, जिससे बाज़ार में अफरा‑तफरी फैल गई।इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए चालान करने की बात कही है।गौरतलब है कि घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) स्वयं पुलिस लेकर पहुँची। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है और पुलिस मामले की जाँच कर रही है।






