बिजनौर-रावली मार्ग पर दर्दनाक हादसा: बाइक गड्ढे में गिरने से युवक की मौत, ममेरा भाई गंभीर घायल

हीमपुर दीपा (बिजनौर)। बिजनौर-रावली मार्ग पर शनिवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के ग्राम पुट्ठा निवासी रमेश कुमार उर्फ काले पुत्र महेंद्र सिंह अपने ममेरे भाई राजकुमार को बाइक से उसके गांव शहजादपुर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान ग्राम रहीमपुर-तीमरपुर के बीच निर्माणाधीन पुल के पास बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि रमेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

रमेश गांव के ही एक टेंट हाउस में कार्य करता था। परिजनों ने बताया कि वह सुबह से ही बेहद खुश था और रविवार को मनाई जाने वाली रविदास जयंती की तैयारियों में जुटा हुआ था। लेकिन शाम होते-होते अचानक हुए इस हादसे ने उसकी खुशियों को मातम में बदल दिया।

रमेश की असमय मौत से उसकी पत्नी, दो मासूम बेटों और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर कोई इस घटना से स्तब्ध है और परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहा है।