आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन

बिजनौर (चिंगारी)। आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया।
ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि वे विगत कई दशकों से महिला एवं बाल विकास विभाग की आधारशिला के रूप में कार्य कर रही हैं। पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, टीकाकरण, मातृ-शिशु देखभाल सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की अनेक योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से किया जा रहा है, इसके बावजूद उन्हें न तो पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा प्राप्त है और न ही सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने मांग की कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा देते हुए नियमित वेतनमान प्रदान किया जाए। साथ ही उनकी सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष निर्धारित की जाए।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा उनकी मांगों पर शीघ्र कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 8 मार्च को आंगनबाड़ी कार्यकत्री दिवस के अवसर पर लखनऊ में बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन में संतोष चौधरी, बबीता शर्मा, लता शर्मा, राजेश्वरी राठी, निशा शर्मा, गजाला परवीन, शीला देवी, सुनीता पाल, सरोज शर्मा, सुनीता, पूनम विश्नोई, डॉ. सत्येंद्र शर्मा अंगिरस सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्री मौजूद रहीं।